शहर की खजराना पुलिस ने शनिवार को एंटिक वस्तुओं के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। इनके पास से शेर की खाल और कछुए सहित कई आपत्तिजनक वस्तुएं मिली हैं। आरोपित इन वस्तुअों को लाखों की कीमत बताकर बाजार में बेचते थे।
खजराना पुलिस ने पांच आरोपितों को धोखाधड़ी के आरोप में पकड़ा है। आरोपितों में प्रमोद सिंह, कौशिक भाई पटेल, प्रकाश सेन, सुनील बंसोड़, राम चौहान शामिल हैं। इनके पास से शेर की खाल, कछुए के अलावा रेड मर्क्यूरी, सुराही, कांसे की बोतल, फायर स्टाम्प, रामदरबार के साथ अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपितों के पास से एक दस्तावेज भी मिला हैं, जिसे वह ईस्ट इंडिया कंपनी का बताते थे। इसे उन्होंने इस तरह तैयार किया था कि वह जलाने के बावजूद भी जलता नहीं था। रेड मर्क्यूरी का इस्तेमाल जमीन में सोना का पता लगाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। आरोपित रेड मर्क्यूरी के नाम पर नवरत्न तेल शीशी में डालकर लोगों को बेच रहे थे। इसे 50 से 60 लाख रुपये की कीमत पर बेचा जा रहा था।
एंटीक सुराही के जरिये वह लाइट शुरू करते थे और साथ ही कांसे की बोतल को वह चमत्कारिक बताकर परिवार में समृद्धि लाने के लिए ऊंची कीमत में बेचते थे। इसमें चुंबक का इस्तेमाल किया हुआ है और वह इसके ऊपर धागे की मदद से सुई को रखते थे और सुई इससे आर्कर्षित होती थी। इसके अलावा आरोपितों से अन्य कई वस्तुएं भी बरामद की गई हैं।